Brief By Newsbrief / 2:28 PM on 19 Jun 2026
निरसा: चापापुर ओसीपी में हो रही लगातार ब्लास्टिंग के कारण शुक्रवार को गोपालगंज-बेनागोरिया ग्रामीण सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया. करीब 10 मीटर लंबी सड़क पांच फीट गहरी और लगभग 50 मीटर क्षेत्र में धंसने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. घटना के बाद क्षेत्र में लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और ग्रामीणों ने खनन कार्य बंद करा दिया.
जिला परिषद सदस्य पिंकी मरांडी, समाजसेवी अंजलि पासवान और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सड़क धंसने के लिए ओसीपी में चल रही ब्लास्टिंग को जिम्मेदार ठहराया. ग्रामीणों का आरोप है कि चापापुर ओसीपी में लगातार हो रही भारी ब्लास्टिंग के कारण पहले भी कई घरों में दरारें आ चुकी हैं. अब सड़क धंसने की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है.
जिला परिषद सदस्य पिंकी मरांडी ने ओसीपी का संचालन कर रही रेड्डी कंपनी पर मामला दर्ज करने की मांग की है. वहीं समाजसेवी अंजलि पासवान ने ब्लास्टिंग के मानकों की जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने और धंसी हुई सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग उठाई.
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी तीन दिन पहले धनबाद सांसद और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा.
फिलहाल ग्रामीणों के विरोध के बाद चापापुर ओसीपी में खनन कार्य बंद है. स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है और अब लोगों की नजर प्रशासन तथा कंपनी प्रबंधन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है.