Brief By Newsbrief / 2:30 PM on 18 Jun 2026
रांची. झारखंड के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत और खुशखबरी सामने आई है. कोलकाता में आयोजित दक्षिण पूर्व रेलवे की जोनल रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (ZRUCC) की बैठक में राज्य की लंबे समय से लंबित रेल मांगों को प्रमुखता से उठाया गया. बैठक में जेडआरयूसीसी के वरिष्ठ सदस्य अरुण जोशी ने दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन और अन्य अधिकारियों के समक्ष झारखंड की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने का प्रस्ताव रखा.
बैठक में रांची से रामेश्वरम, सूरत, ऋषिकेश और पुणे के लिए नई ट्रेनों के संचालन की मांग की गई. इसके अलावा रांची-रायपुर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने का भी प्रस्ताव रखा गया. दिल्ली जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को सप्ताह में चार दिन के बजाय प्रतिदिन चलाने और उसके समय में सुधार करने की मांग भी की गई.
इसके साथ ही झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को जयपुर तक, रांची-वाराणसी इंटरसिटी को लखनऊ तक विस्तार देने समेत कई अन्य रूट विस्तार के सुझाव दिए गए. रेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए रांची-लोहरदगा-टोरी और मुरी-चांडिल रेलखंड के दोहरीकरण कार्य में तेजी लाने तथा लोहरदगा-गुमला-सिमडेगा नई रेललाइन के सर्वेक्षण की मांग भी उठाई गई.
बैठक में लंबी दूरी की ट्रेनों में पैंट्री कार, अतिरिक्त एसी कोच और हटिया से वेल्लोर, जम्मू तथा मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए जनरल वेटिंग लिस्ट कोटा बहाल करने पर भी जोर दिया गया. रेलवे अधिकारियों ने इन प्रस्तावों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिया है.