Back

राज्यसभा चुनाव से पहले NDA का शक्ति प्रदर्शन. रेडिशन ब्लू में विधायकों को मॉक पोल ट्रेनिंग

Brief By Newsbrief / 6:23 PM on 17 Jun 2026


रांची में राज्यसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू होते ही राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. मतदान से पहले एनडीए ने अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए रेडिशन ब्लू होटल में विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की. इस बैठक में राज्यसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया को लेकर विधायकों को मॉक पोल ट्रेनिंग दी गई, ताकि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रक्रियागत गलती न हो.

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, आदित्य साहू समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. इस दौरान नए विधायकों को वोटिंग प्रक्रिया, नियमों और आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई. पूरे प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदान प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना बताया गया.

एनडीए नेताओं ने बैठक में दावा किया कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत लगभग तय है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस होटल राजनीति के आरोप लगाती है, जबकि उसके अपने विधायक भी होटलों में डेरा डाले हुए हैं.

उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी खेमे के कुछ विधायक अंतरात्मा और राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए मतदान कर सकते हैं. बैठक में कई प्रमुख एनडीए विधायक जैसे चंपाई सोरेन, सरयू राय, सीपी सिंह, नवीन जायसवाल और अन्य नेता उपस्थित रहे. नेताओं ने इसे एकजुटता का प्रदर्शन बताते हुए एनडीए की मजबूती पर जोर दिया.

Read more on Newsbrief