Brief By Newsbrief / 6:07 PM on 17 Jun 2026
रांची में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. एक ओर एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी विधायकों का समर्थन जुटाने में सक्रिय हैं, तो दूसरी ओर इंडिया गठबंधन भी अपनी एकजुटता का दावा कर रहा है. इसी बीच भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद के बयान ने सियासी हलचल और बढ़ा दी है.
प्रदीप प्रसाद ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि झारखंड में भाजपा समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी के पक्ष में सभी विधायक एकजुट हैं. उन्होंने कहा कि वर्तमान में करीब 24 विधायक एक साथ मौजूद हैं और मतदान के दिन पूरी तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी. उन्होंने यह भी दावा किया कि परिणाम भाजपा समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में आएंगे.
सबसे बड़ा बयान देते हुए उन्होंने कहा कि जयराम महतो से बातचीत हो चुकी है और वह भी एनडीए समर्थित उम्मीदवार को वोट करेंगे. इस दावे ने राजनीतिक समीकरणों में नई चर्चा शुरू कर दी है.
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि राज्य में दो राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव हो रहा है और भाजपा ने अपने उम्मीदवार के समर्थन का निर्णय लिया है. उन्होंने दावा किया कि सभी विधायक एकजुट हैं और विपक्ष की रणनीति सफल नहीं होगी. उन्होंने यह भी कहा कि परिणाम चौंकाने वाले होंगे और कई विधायक अंतरात्मा की आवाज पर मतदान करेंगे.
झारखंड में दो राज्यसभा सीटों के लिए मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा. एक उम्मीदवार को जीत के लिए 28 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता है. फिलहाल सियासी गणित में इंडिया गठबंधन मजबूत स्थिति में दिख रहा है, जबकि एनडीए अपने समर्थन को लेकर आश्वस्त है. आने वाले 24 घंटे में तस्वीर और स्पष्ट होने की संभावना है.