Brief By Newsbrief / 1:18 PM on 16 Jun 2026
रांची : राजधानी रांची में रविवार को हुई मूसलाधार बारिश ने नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था की हकीकत सामने ला दी. शहर के सेवा सदन रोड और बड़ा तालाब के आसपास का इलाका घंटों तक पानी में डूबा रहा. सड़कों पर जमा पानी के कारण लोगों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में जलजमाव की समस्या का मुख्य कारण सड़क से ऊंची बनी नालियां, आसपास के मकानों और दुकानों का बढ़ा हुआ स्तर तथा बड़ा तालाब के किनारे बनाए गए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की संरचना है. लोगों का कहना है कि इन कारणों से बारिश का पानी तेजी से निकल नहीं पाता और सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं.
बारिश के दौरान सेवा सदन अस्पताल के आसपास करीब 500 से 600 मीटर तक सड़कें पानी में डूबी रहीं. जलजमाव की चपेट में एक दर्जन से अधिक दुकानें, मंदिर, अस्पताल परिसर और बिजली सब-स्टेशन भी आ गए. कई जगहों पर पानी अस्पताल परिसर तक पहुंच गया, जिससे मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल निकासी व्यवस्था में सुधार और स्थायी समाधान की मांग की है. उनका कहना है कि हर बारिश में इस तरह की स्थिति बनने से क्षेत्र के लोगों का जीवन प्रभावित होता है और प्रशासन को इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है.