Brief By Newsbrief / 12:28 PM on 16 Jun 2026
रांची : राज्यसभा चुनाव की तैयारियों के बीच INDIA गठबंधन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. चुनाव में बेहतर समन्वय और रणनीतिक मजबूती सुनिश्चित करने के लिए 16 और 17 जून को मुख्यमंत्री आवास में गठबंधन के सभी विधायकों और प्रमुख नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है. इस बैठक में चुनावी रणनीति, मतदान प्रक्रिया और संगठनात्मक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी.
सूत्रों के अनुसार, गठबंधन अपने विधायकों को मतदान प्रक्रिया की तकनीकी और प्रक्रियागत जानकारी देने के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित करेगा. इसके तहत मॉक पोल भी कराया जाएगा, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की गलती या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो. गठबंधन नेतृत्व का मानना है कि प्रत्येक विधायक को वोटिंग की पूरी प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी होना जरूरी है.
जानकारी के मुताबिक मतदान के दिन के लिए भी विशेष रणनीति तैयार की गई है. तय कार्यक्रम के अनुसार सभी विधायक सबसे पहले मुख्यमंत्री आवास में एकत्रित होंगे. इसके बाद वे एकजुट होकर मतदान केंद्र के लिए रवाना होंगे. गठबंधन नेतृत्व पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए है और किसी भी तरह की चूक की संभावना को समाप्त करने का प्रयास कर रहा है.
राज्यसभा चुनाव को लेकर राज्य की राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं. सभी राजनीतिक दल अपने-अपने स्तर पर जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाने में जुटे हैं. वहीं INDIA गठबंधन अपने विधायकों के बीच अनुशासन, एकजुटता और बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दे रहा है.