Back

सरायकेला में दर्दनाक हादसा, बोंगबोंगा नदी में डूबने से चार वर्षीय मासूम की मौत

Brief By Newsbrief / 6:13 PM on 13 Jun 2026


सरायकेला जिले के राजनगर प्रखंड से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां बोंगबोंगा नदी में डूबने से चार वर्षीय मासूम सत्यम दोसांधी की दर्दनाक मौत हो गई. मासूम मूल रूप से धनबाद का रहने वाला था और पिछले एक महीने से अपनी मां गुंजा देवी के साथ गम्हारिया पंचायत के सोलगाड़िया स्थित ननिहाल में रह रहा था.

शनिवार को सत्यम अपनी मां, नाना-नानी और अन्य परिजनों के साथ भीमखंदा स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए गया था. इसी दौरान परिवार के सदस्य पूजा में व्यस्त हो गए और बच्चे मंदिर परिसर के पास नदी किनारे खेलने लगे. खेलते-खेलते सत्यम सीढ़ियों से नीचे उतर गया और उसका पैर फिसलने से वह गहरे पानी में गिर गया.

अन्य बच्चों ने घटना देख शोर मचाया, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चे को बाहर निकाला. आनन-फानन में उसे राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

चिकित्सकों के अनुसार बच्चे के फेफड़ों में पानी भर जाने से उसकी मौत हो चुकी थी. अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी सांसें थम गई थीं. पूरी कोशिश के बावजूद डॉक्टर उसे बचा नहीं सके.

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. मां गुंजा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पिता पप्पू दोसांधी को भी घटना की सूचना दे दी गई है. ग्रामीणों ने कहा कि यदि बच्चों पर समय रहते ध्यान दिया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था. एक पल की लापरवाही ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है.

Read more on Newsbrief