Back

औचक निरीक्षण में खुली लापरवाही. डीसी ने अनुपस्थित कर्मियों पर की सख्त कार्रवाई

Brief By Newsbrief / 4:23 PM on 13 Jun 2026


साहिबगंज: जिले के तालझारी प्रखंड सह अंचल कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया जब उपायुक्त दीपक कुमार दुबे अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गए. बिना पूर्व सूचना पहुंचे डीसी ने कार्यालय की कार्य प्रणाली, कर्मचारियों की उपस्थिति, जन शिकायतों के निष्पादन और विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की.

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने उपस्थिति पंजी का गहन अवलोकन किया. इस दौरान कई पदाधिकारी और कर्मी अनुपस्थित पाए गए. इस पर डीसी ने कड़ी नाराजगी जताई और अनुपस्थित अधिकारियों का वेतन काटने का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन, समय पालन और जिम्मेदारी से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.

उपायुक्त ने कार्यालय में आने वाले आम लोगों को मिलने वाली सुविधाओं की स्थिति की भी जानकारी ली. इसके साथ ही लंबित महत्वाकांक्षी योजनाओं की प्रगति पर भी समीक्षा की गई. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता से जुड़े मामलों का त्वरित और पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.

डीसी ने कहा कि सरकारी कार्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और जहां भी लापरवाही या अनियमितता सामने आएगी वहां नियम के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मियों को समय पर कार्यालय पहुंचकर अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का निर्देश दिया.

मौके पर अंचलाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी रामसुमन प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे.

Read more on Newsbrief