Brief By Newsbrief / 12:04 PM on 12 Jun 2026
धनबाद जिले के बाघमारा अंतर्गत बरोरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. जमुआटांड़-हरिणा हीरक सड़क मार्ग पर तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल का इलाज धनबाद के अस्पताल में चल रहा है.
मृतक की पहचान खोनाठी बस्ती निवासी विनोद महतो के पुत्र सौरभ कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, बीती रात एक अनियंत्रित हाइवा ने एक चार पहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में सौरभ कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया. सूचना मिलने पर बरोरा थाना प्रभारी साधन कुमार के नेतृत्व में पुलिस जांच में जुट गई. पुलिस ने मार्ग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध हाइवा की पहचान की. जांच के दौरान दुर्घटना में शामिल हाइवा मुराईडीह वर्कशॉप के पास लावारिस हालत में खड़ा मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया.
इधर युवक की मौत से गुस्साए परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने हरिणा हीरक चौक को जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं. खबर लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था.