Brief By Newsbrief / 11:32 AM on 12 Jun 2026
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत रांची जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 13 जून और 14 जून 2026 को विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा. मतदाताओं की मैपिंग प्रक्रिया को गति देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने यह महत्वपूर्ण पहल की है. इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं.
जिला प्रशासन के अनुसार दोनों दिनों में सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक विशेष कैंप संचालित किया जाएगा. कैंप के दौरान संबंधित बूथों पर नियुक्त BLO उपस्थित रहकर मतदाताओं की मैपिंग का कार्य करेंगे. वहीं जनगणना कार्य में लगे BLO सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक अपने संबंधित मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे और मैपिंग से जुड़े कार्यों का निष्पादन करेंगे.
उपायुक्त ने निर्देश दिया है कि सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर आयोजित कैंप की लगातार निगरानी और पर्यवेक्षण सुनिश्चित करें. साथ ही BLO और बीएलओ सुपरवाइजर की निर्धारित बूथों पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों को दी गई है.
जिला प्रशासन ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष कैंप में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर अपनी मैपिंग अवश्य कराएं. प्रशासन ने कहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को हल्के में न लें, क्योंकि यह मतदाता सूची के अद्यतन और सुदृढ़ीकरण के लिए बेहद महत्वपूर्ण प्रक्रिया है.