Back

नाथवानी नामांकन विवाद पर हाई वोल्टेज ड्रामा, सलमान खुर्शीद को बैठक में एंट्री नहीं मिलने से बढ़ा सियासी बवाल

Brief By Newsbrief / 2:29 PM on 10 Jun 2026


रांची. झारखंड राज्यसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के नामांकन को लेकर चल रहा विवाद बुधवार को और गरमा गया. नामांकन से जुड़ी आपत्तियों पर विधानसभा परिसर में सुनवाई और विचार-विमर्श के बीच कांग्रेस नेता, वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद को बैठक में शामिल होने की अनुमति नहीं दिए जाने से नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है.

जानकारी के अनुसार, परिमल नाथवानी के नामांकन से जुड़े मामले पर विधानसभा सचिवालय में अधिकारियों और संबंधित पक्षों के बीच कानूनी मंथन चल रहा था. इस दौरान वरिष्ठ अधिकारी के. राजू समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे. कांग्रेस की ओर से अपना पक्ष रखने के लिए सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता सलमान खुर्शीद भी पहुंचे, लेकिन उन्हें बैठक कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई.

सलमान खुर्शीद को रोकने के बाद कांग्रेस नेताओं ने कड़ी नाराजगी जताई और इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ बताया. पार्टी नेताओं का कहना है कि जब एक वरिष्ठ अधिवक्ता को अपनी दलील रखने का अवसर नहीं दिया जा रहा है, तो पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है.

मामले पर राज्य सरकार के मंत्री इरफान अंसारी ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से संचालित नहीं हो रही है और चुनाव आयोग भाजपा के दबाव में काम कर रहा है. उधर, नाथवानी के नामांकन को लेकर राजनीतिक सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है. अब सभी की नजरें रिटर्निंग ऑफिसर के अंतिम फैसले पर टिकी हैं, जो इस पूरे विवाद की दिशा तय करेगा.

Read more on Newsbrief