Back

रांची में प्रिंस खान गैंग का बढ़ता आतंक. रंगदारी कॉल से दहशत में कारोबारी

Brief By Newsbrief / 1:07 PM on 09 Jun 2026


रांची : राजधानी रांची में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान का नेटवर्क लगातार सक्रिय होता दिख रहा है. कारोबारी, होटल संचालक, दवा व्यवसायी और सरकारी योजनाओं से जुड़े लोग रंगदारी की धमकियों से परेशान हैं. हालात ऐसे हैं कि कई कारोबारी डर के कारण पुलिस में शिकायत तक दर्ज नहीं करा रहे हैं.

जानकारी के अनुसार प्रिंस खान विदेश में बैठकर अपने गुर्गों के माध्यम से झारखंड में रंगदारी का नेटवर्क संचालित कर रहा है. कारोबारियों को पहले ऑडियो मैसेज और व्हाट्सएप कॉल के जरिए धमकियां दी जाती हैं. इसके बाद उनसे मोटी रकम की मांग की जाती है. बताया जा रहा है कि कुछ मामलों में रंगदारी की मांग पांच करोड़ रुपये तक पहुंच गई है.

पिछले एक सप्ताह में ही रांची में रंगदारी से जुड़े चार से अधिक मामले सामने आए हैं. इनमें दवा कारोबारी, होटल व्यवसायी और सरकारी परियोजनाओं से जुड़े अधिकारियों को निशाना बनाया गया है. वहीं पिछले पांच महीनों में रंगदारी से संबंधित 61 से अधिक परिवाद अदालत तक पहुंच चुके हैं. इससे साफ है कि अपराधियों का खौफ बढ़ रहा है और लोग सीधे पुलिस तक पहुंचने से बच रहे हैं.

बढ़ते मामलों को देखते हुए रांची पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया है. इस टीम में सिटी एसपी समेत कई अधिकारी शामिल हैं. जांच में यह संकेत मिले हैं कि प्रिंस खान गैंग को स्थानीय स्तर पर कुछ लोगों की मदद मिल रही है. साथ ही कुछ वेबसाइटों के माध्यम से कारोबारियों के मोबाइल नंबर हासिल कर धमकी भरे कॉल किए जाने की भी आशंका जताई गई है.

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है और गैंग से जुड़े लोगों पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है. वहीं लगातार मिल रही धमकियों से शहर के कारोबारी वर्ग में चिंता और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है.

Read more on Newsbrief