Brief By Newsbrief / 11:02 AM on 09 Jun 2026
चतरा : टंडवा के शहीद चौक पर वर्षों से सरकारी जमीन और सड़क पर जमे अतिक्रमण के खिलाफ सोमवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की. प्रभारी अंचल अधिकारी गौरव कुमार राय के नेतृत्व में चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सड़क किनारे बने अस्थायी ढांचे, टीन शेड और अन्य अवैध कब्जों को हटाया गया. इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में प्रशासन की सख्ती की चर्चा हो रही है.
अंचल कार्यालय के अनुसार शहीद चौक और आसपास की सरकारी भूमि पर लंबे समय से अतिक्रमण था. प्रशासन ने पहले कई बार नोटिस जारी कर अतिक्रमणकारियों को स्वयं कब्जा हटाने का अवसर दिया था. निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटने पर प्रशासन ने जेसीबी और अन्य संसाधनों के साथ अभियान शुरू किया.
कार्रवाई के दौरान अंचल अधिकारी गौरव कुमार राय स्वयं मौके पर मौजूद रहे. भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच अतिक्रमण हटाकर सड़क को आवागमन योग्य बनाया गया और सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया.
स्थानीय लोगों ने इस पहल को ऐतिहासिक बताया. ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से कई अधिकारी आए और गए, लेकिन किसी ने इतनी प्रभावी कार्रवाई नहीं की. लोगों का मानना है कि अतिक्रमण हटने से अब जाम की समस्या कम होगी और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी घटेगी.
अंचल अधिकारी गौरव कुमार राय ने कहा कि सरकारी भूमि और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आम जनता की सुविधा और सुरक्षा के लिए चलाया जा रहा है. प्रशासन ने भविष्य में भी नियमित जांच और कार्रवाई जारी रखने की बात कही है.