Brief By Newsbrief / 5:00 PM on 08 Jun 2026
झारखंड के पलामू में मोटरसाइकिल सवार से लूटपाट की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है. हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दिव्यांश शुक्ला ने प्रेस वार्ता में बताया कि 4 जून की रात मालवरिया बस्ती के समीप सुनसान सड़क पर एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति के साथ मारपीट कर उसकी बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया गया था. पीड़ित की शिकायत पर हुसैनाबाद थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल चार आरोपियों को पकड़ लिया. गिरफ्तार वयस्क आरोपियों की पहचान लोटनिया गांव निवासी 20 वर्षीय उज्ज्वल कुमार उपाध्याय और 21 वर्षीय वसीम अख्तर के रूप में हुई है. पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने वसीम अख्तर के घर से लूटी गई हीरो स्प्लेंडर बाइक तथा उज्ज्वल उपाध्याय के घर से नथिंग कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया. जांच में पता चला है कि सभी आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं और आपस में करीबी दोस्त हैं. उन्होंने सुनसान रास्तों पर राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट करने की योजना बनाई थी. पुलिस ने दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है. एसडीपीओ ने लोगों से रात में सुनसान मार्गों पर यात्रा के दौरान सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या डायल-112 पर देने की अपील की है.