Brief By Newsbrief / 1:22 PM on 08 Jun 2026
रांची : उद्योगपति और पूर्व राज्यसभा सांसद परिमल नथवाणी ने सोमवार को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल कर झारखंड की राजनीति में नई चर्चा को जन्म दे दिया है. नामांकन के दौरान भाजपा के कई विधायक उनके साथ विधानसभा पहुंचे, जिससे उनकी उम्मीदवारी को लेकर राजनीतिक हलकों में अटकलें तेज हो गई हैं.
झरिया से भाजपा विधायक रागिनी सिंह समेत कई नेताओं की मौजूदगी ने यह संकेत दिया कि नथवाणी को भाजपा का समर्थन प्राप्त है. वहीं हटिया विधायक नवीन जायसवाल भी उनके साथ विधानसभा पहुंचे. नामांकन के दौरान भाजपा नेताओं की सक्रिय भागीदारी ने उनकी दावेदारी को और मजबूत कर दिया है.
परिमल नथवाणी इससे पहले वर्ष 2008 और 2014 में झारखंड से राज्यसभा सांसद रह चुके हैं. वर्तमान में वे आंध्र प्रदेश से राज्यसभा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. इस बार उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया है.
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार भाजपा ने इस चुनाव में अपना आधिकारिक उम्मीदवार नहीं उतारने की रणनीति बनाई है और नथवाणी को समर्थन देने का निर्णय लिया है. यही कारण है कि भाजपा विधायकों की मौजूदगी को उनकी उम्मीदवारी के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है.
सूत्रों का यह भी कहना है कि भाजपा के अलावा सहयोगी दलों जदयू, लोजपा और आजसू के विधायकों को भी नथवाणी के प्रस्तावक बनने के निर्देश दिए गए हैं. ऐसे में व्यापक राजनीतिक समर्थन मिलने से परिमल नथवाणी की जीत की संभावना काफी मजबूत मानी जा रही है.