Back

पलामू में बढ़ेगी निगरानी, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में लगेंगे अतिरिक्त CCTV कैमरे

Brief By Newsbrief / 3:49 PM on 05 Jun 2026


पलामू: शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पलामू जिला प्रशासन ने प्रमुख चौक-चौराहों, गलियों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त CCTV कैमरे लगाने की तैयारी शुरू कर दी है. इस संबंध में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक की.

बैठक में शहर के विभिन्न इलाकों में CCTV कैमरों के विस्तार और उनकी प्रभावी निगरानी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. उपायुक्त ने बताया कि नवंबर 2024 में अनाबद्ध निधि के तहत शहर में 113 CCTV कैमरे लगाए गए थे. उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम से वर्तमान में कार्यरत और खराब पड़े कैमरों की स्थिति की जानकारी ली तथा सभी कैमरों के नियमित रखरखाव का निर्देश दिया.

उपायुक्त ने सभी सिटी मैनेजरों को निर्देश दिया कि वे एक सप्ताह के भीतर शहर के प्रमुख मार्गों, गलियों, चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों का सर्वे कर अतिरिक्त कैमरों की आवश्यकता वाले स्थानों की सूची तैयार करें. उन्होंने थाना प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सर्वेक्षण करने पर विशेष जोर दिया. साथ ही शहर के एग्जिट प्वाइंट्स और महत्वपूर्ण आवागमन मार्गों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया.

बैठक में विभिन्न स्थानों के अनुसार उपयुक्त तकनीक वाले कैमरों के चयन पर भी चर्चा हुई. उपायुक्त ने सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी रणबीर सिंह को तकनीकी टीम के साथ समन्वय कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर में प्रभावी सर्विलांस व्यवस्था विकसित करना, अपराध पर नियंत्रण रखना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. बैठक में सदर एसडीएम सुलोचना मीणा, जिला योजना पदाधिकारी शिशिर तिग्गा, शहर थाना प्रभारी और विभिन्न सिटी मैनेजर उपस्थित थे.

Read more on Newsbrief