Brief By Newsbrief / 3:40 PM on 05 Jun 2026
हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले में जमीन विवाद को लेकर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. कटकमदाग थाना क्षेत्र के बानादाग गांव में एक युवक अपनी जमीन से जुड़े मामले के समाधान में देरी से नाराज होकर करीब 85 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया. युवक ने राजस्व विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की.
युवक का आरोप है कि उसकी जमीन का दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) लंबे समय से लंबित है. साथ ही उसने दावा किया कि उसकी भूमि की जमाबंदी कथित तौर पर किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर दी गई है. युवक का कहना है कि उसने कई बार अंचल कार्यालय के चक्कर लगाए और अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ.
टावर पर चढ़ने के बाद युवक लगातार अंचल अधिकारी (सीओ) को मौके पर बुलाने और जमीन मामले का तत्काल समाधान करने की मांग करता रहा. घटना की सूचना मिलते ही कटकमदाग थाना पुलिस, अंचल प्रशासन और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने काफी देर तक युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश की.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई. पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने पड़े.
स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन से जुड़े मामलों के निष्पादन में देरी आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी है. उनका मानना है कि यदि प्रशासन समय पर शिकायतों का समाधान करे तो लोगों को ऐसे जोखिम भरे कदम उठाने की नौबत नहीं आएगी.