Back

हजारीबाग NH-522 पर युवक का शव मिला, सड़क जाम कर फूटा परिजनों का गुस्सा

Brief By Newsbrief / 1:42 PM on 05 Jun 2026


हजारीबाग जिले के एनएच-522 पर स्थित हुटपा गांव के पास एक युवक का शव मिला. जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और परिजनों में आक्रोश फैल गया. मृतक की पहचान न्यू अमृत नगर निवासी भीम कुमार उर्फ चीकू वर्मा के रूप में हुई है. सुबह शव मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए. परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. घटना से नाराज लोगों ने मृतक के शव को न्यू अमृत नगर चौक के समीप सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शन के दौरान एनएच-522 पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने, मामले की गहन जांच कराने और जिम्मेदार लोगों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. उनका कहना था कि घटना की सच्चाई सामने आनी चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए. सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. मृतक के परिजनों का आरोप है कि युवक के साथ कहीं और घटना घटी और बाद में शव को हुटपा गांव के पास लाकर छोड़ दिया गया. मुफस्सिल थाना प्रभारी ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है. पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद एनएच-522 पर यातायात सामान्य हो सका

Read more on Newsbrief