Brief By Newsbrief / 4:15 PM on 04 Jun 2026
धनबाद जिले में कोयला उत्पादन करने वाली सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) पर सरकारी और रैयती जमीन पर अवैध कब्जे के गंभीर आरोप लगे हैं. अंचल कार्यालय की जांच में सामने आया है कि तेतुलमारी टाउनशिप क्षेत्र के नगरीकला मौजा संख्या-230 की लगभग 28 एकड़ भूमि पर बिना किसी वैध लीज, सरकारी अनुमति या बंदोबस्ती के स्थायी निर्माण कार्य किया गया है. इस भूमि पर वर्ष 2015 से लगातार निर्माण कार्य जारी था, जिसमें जीएम बंगला, आवासीय क्वार्टर, सड़क, पार्क, बाउंड्रीवाल और खेल मैदान जैसी संरचनाएं शामिल हैं. इनमें लगभग 25 एकड़ भूमि पर बी, सी और डी टाइप के आवासीय क्वार्टर बनाए गए हैं, जबकि तीन महाप्रबंधकों के लिए विशेष बंगले भी निर्मित किए गए हैं. इसके अलावा 1.59 एकड़ भूमि पर सड़क और चारदीवारी का निर्माण भी किया गया है. प्रशासन ने इस जमीन का अनुमानित बाजार मूल्य 14 करोड़ रुपये से अधिक बताया है. इसके साथ ही नगरीकला मौजा के प्लॉट संख्या-4694 और 4689 की लगभग 8.35 एकड़ सरकारी जमीन पर अवैध कोयला खनन और ओवरबर्डन (OB) निकालने के भी आरोप सामने आए हैं. इस मामले में दिसंबर 2023 में तेतुलमारी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें BCCL के तत्कालीन परियोजना पदाधिकारी, एक आउटसोर्सिंग कंपनी और एक लाइजनर को नामजद आरोपी बनाया गया था. वर्तमान में बाघमारा के अंचल अधिकारी ने पुष्टि की है कि प्रारंभिक जांच में अतिक्रमण के तथ्य सामने आए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए अमीनों की टीम गठित कर विस्तृत मापी और जांच शुरू कर दी गई है. साथ ही सभी निर्माण कार्यों पर रोक लगा दी गई है. अधिकारियों ने कहा है कि जांच रिपोर्ट के बाद BCCL को लोक भूमि अतिक्रमण अधिनियम 1956 के तहत नोटिस जारी किया जाएगा और कंपनी को अपने पक्ष में दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा. वहीं, BCCL प्रबंधन ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि कंपनी किसी भी जमीन पर अवैध कब्जा नहीं करती और वह जिला प्रशासन के साथ मिलकर मामले का समाधान करने के लिए तैयार है.