Brief By Newsbrief / 3:52 PM on 04 Jun 2026
पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र स्थित सोहया पहाड़ की एक परित्यक्त माइंस में डूबे युवक लवकुश कुमार का शव आखिरकार 25 घंटे बाद बरामद कर लिया गया. बुधवार को हुई इस दर्दनाक घटना के बाद से परिजन और ग्रामीण लगातार युवक की तलाश में जुटे थे, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल पाया था.
शव की बरामदगी में हो रही देरी को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी थी। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी थी. ग्रामीणों की मांग थी कि युवक की तलाश के लिए तत्काल विशेष बचाव दल को बुलाया जाए. प्रशासन की ओर से एनडीआरएफ टीम बुलाने का आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन समाप्त हुआ और सड़क जाम हटा लिया गया.
गुरुवार सुबह बिहार की राजधानी पटना से एनडीआरएफ की टीम हुसैनाबाद के लिए रवाना हुई. हालांकि टीम के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही एक अप्रत्याशित घटनाक्रम सामने आया. माइंस के गहरे जलभराव वाले गड्ढे में डूबा लवकुश का शव अचानक पानी की सतह पर तैरता दिखाई दिया. बताया जा रहा है कि उस समय एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर थी.
शव मिलने की सूचना पर अंचल अधिकारी पंकज कुमार और थाना प्रभारी चंदन कुमार मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने परित्यक्त और असुरक्षित खदानों को लोगों की जान के लिए बड़ा खतरा बताते हुए सुरक्षा उपायों की मांग की है.