Brief By Newsbrief / 11:54 AM on 04 Jun 2026
बोकारो: इंसानियत और सच्ची दोस्ती की मिसाल पेश करने वाला 15 वर्षीय दीपक Kumar यादव खुद एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया. चंद्रपुरा प्रखंड के झरनाडीह के पास स्थित डीवीसी रिजर्वायर में गुरुवार सुबह नहाने के दौरान उसकी डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जानकारी के अनुसार, दीपक अपने दो दोस्तों के साथ कुश्ती अभ्यास करने के बाद रिजर्वायर में नहाने गया था. इसी दौरान उसका एक दोस्त गहरे पानी में फंसकर डूबने लगा. दोस्त को संकट में देखकर दीपक बिना देर किए उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा. काफी प्रयास के बाद वह अपने दोस्त को सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रहा, लेकिन इस दौरान खुद गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं निकल सका.
दीपक को डूबता देख उसके दोस्तों ने मदद की कोशिश की, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण वे उसे बचा नहीं सके. इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी गई. स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दीपक को पानी से बाहर निकाला और तुरंत डीवीसी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलने पर चंद्रपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी. बताया जाता है कि दीपक स्थानीय व्यवसायी मिलटन यादव का इकलौता पुत्र था. बेटे की असमय मौत से परिवार सदमे में है, जबकि गांव के लोग उसके साहस और दोस्ती की मिसाल को याद कर रहे हैं.