Back

विश्व पर्यावरण दिवस पर साहिबगंज में निकली जागरूकता साइकिल रैली

Brief By Newsbrief / 10:28 AM on 04 Jun 2026


साहिबगंज: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन मेरा युवा भारत (MY Bharat) साहिबगंज की ओर से बुधवार को जागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली को गैस गोदाम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए सुभाष चौक पहुंचकर संपन्न हुई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षक रविकांत तांती ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक साइकिल चलाने, प्रदूषण कम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्र-छात्राओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

प्रतिभागियों ने "पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ" और "साइकिल चलाओ, पर्यावरण बचाओ" जैसे नारों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित स्लो साइकिल रेस में छोटी कुमारी ने प्रथम, गुड़िया कुमारी ने द्वितीय और लकी कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं अनिकेत और नमन कुमार को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

रैली का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और प्लास्टिक मुक्त साहिबगंज का संदेश आम लोगों तक पहुंचाना था। कार्यक्रम का संचालन मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों ने किया। अंत में सुभाष चौक पर सभी प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।

Read more on Newsbrief