Brief By Newsbrief / 5:25 PM on 03 Jun 2026
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 4 जून को उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे. अपने इस दौरे के दौरान वे पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार पहुंचकर दीपक कुमार, जिन्हें “मोहम्मद दीपक” के नाम से भी जाना जाता है, से मुलाकात करेंगे. सूत्रों के अनुसार यह कार्यक्रम पूरी तरह गैर-राजनीतिक रखा गया है और इसके लिए करीब एक घंटे का समय निर्धारित किया गया है. राहुल गांधी कोटद्वार पहुंचकर दीपक के जिम की सदस्यता भी लेंगे. दीपक कुमार इसी वर्ष जनवरी में उस समय चर्चा में आए थे, जब कोटद्वार में एक दुकान पर बुजुर्ग दुकानदार और कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था. आरोप है कि उस समय दीपक ने बुजुर्ग दुकानदार का बचाव किया था और इसी दौरान उन्होंने अपना नाम “मोहम्मद दीपक” बताया था, जिसके बाद यह मामला सोशल मीडिया से लेकर मीडिया चैनलों तक सुर्खियों में रहा. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि राहुल गांधी पौड़ी जिले के कंडोलिया पार्क में आयोजित होने वाले सैनिक संवाद सम्मेलन में भी शामिल होंगे, जहां वे पूर्व सैनिकों और स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे. वहीं इस प्रस्तावित दौरे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी के इस कार्यक्रम पर सवाल उठाते हुए इसे लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. कोटद्वार भाजपा जिलाध्यक्ष ऐश्वर्या राज गौरव नौटियाल ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व अपने पुराने कार्यकर्ताओं की बजाय ऐसे व्यक्ति से मुलाकात कर रहा है, जिसका नाम विवादों में रहा है. उन्होंने इसे तुष्टीकरण की राजनीति बताया. दूसरी ओर कांग्रेस की ओर से इसे एक सामाजिक और गैर-राजनीतिक मुलाकात बताया जा रहा है. इस पूरे मामले ने उत्तराखंड की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है. अब सभी की नजरें 4 जून को होने वाले इस दौरे और मुलाकात पर टिकी हैं, जिससे संभावित राजनीतिक असर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.