Brief By Newsbrief / 4:49 PM on 03 Jun 2026
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के 6 और 7 जून को प्रस्तावित दो दिवसीय झारखंड दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. दौरे की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में व्यवस्था समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई और विभिन्न नेताओं व पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया.
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाऊरी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला झारखंड दौरा होगा. इस दौरान वे कई सांगठनिक बैठकों, पार्टी कार्यक्रमों और गैर-राजनीतिक आयोजनों में भाग लेंगे. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और आम जनता भी उनके दौरे को लेकर उत्साहित दिखाई दे रही है.
अमर कुमार बाऊरी ने कहा कि यह दौरा संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा और कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम करेगा. उन्होंने यह भी बताया कि नितिन नवीन का रांची और झारखंड से विशेष लगाव रहा है. उनका जन्म और उच्च शिक्षा रांची में हुई है, इसलिए यह क्षेत्र उनके लिए बेहद आत्मीय है.
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, सांसद मनीष जायसवाल, विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, रोशनलाल चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे. सभी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को ऐतिहासिक और सफल बनाने का संकल्प लिया.