Brief By Newsbrief / 11:08 AM on 03 Jun 2026
दिल्ली में झारखंड के मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य वीआईपी मेहमानों के लिए अब सफर पहले से ज्यादा आरामदायक, सुरक्षित और शानदार होने वाला है. राज्य सरकार ने राजधानी में स्थित दोनों झारखंड भवनों के लिए प्रीमियम एसी टैक्सियों का बेड़ा तैनात करने की तैयारी शुरू कर दी है. इसके लिए नई दिल्ली स्थित झारखंड सरकार के आवासीय आयुक्त कार्यालय ने प्रतिष्ठित और अनुभवी एजेंसियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं. यह सुविधा वसंत विहार स्थित पुराने झारखंड भवन और बंगला साहिब रोड स्थित न्यू झारखंड भवन में उपलब्ध होगी. इन दोनों भवनों में झारखंड से आने वाले मंत्रियों, आईएएस अधिकारियों और अन्य विशिष्ट अतिथियों का लगातार आवागमन होता है. सरकार का उद्देश्य उन्हें राजधानी में बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उनके कार्यक्रमों और सरकारी कार्यों में किसी तरह की बाधा न आए. इस योजना के तहत केवल उन्हीं एजेंसियों को मौका मिलेगा जिनके पास सरकारी संस्थानों में वाहन संचालन का कम से कम चार वर्षों का अनुभव हो. साथ ही, इनमें से तीन वर्ष का अनुभव दिल्ली स्थित किसी राज्य भवन में सेवा देने का होना अनिवार्य रखा गया है. इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि चयनित एजेंसी को वीआईपी मूवमेंट, सुरक्षा मानकों और सरकारी प्रोटोकॉल की पूरी जानकारी हो. पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए टू-बिड सिस्टम अपनाया जाएगा, जिसमें तकनीकी और वित्तीय दोनों स्तरों पर एजेंसियों का मूल्यांकन होगा. जून महीने के भीतर चयन प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी है. इस पहल के बाद दिल्ली पहुंचने वाले झारखंड के वीआईपी मेहमानों को विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव मिलने की उम्मीद है.