Brief By Newsbrief / 10:55 AM on 03 Jun 2026
गिरिडीह जिले के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत दलान चकरी गांव में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई. नकाबपोश चार अपराधियों ने घर के आंगन में सो रहे पति-पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. इस हमले में 45 वर्षीय पत्तिया हांसदा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी 35 वर्षीय परनी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं.
मृतक पत्तिया हांसदा पेशे से डोली मजदूर थे और जैन तीर्थयात्रियों को डोली के माध्यम से पहाड़ तक पहुंचाने का काम करते थे. गंभीर रूप से घायल परनी देवी को रात में सड़क संपर्क नहीं होने के कारण खटिया पर उठाकर मुख्य मार्ग तक लाया गया. वहां से उन्हें इलाज के लिए धनबाद के पीएमसीएच रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
मृतक के रिश्तेदार अनिल हेंब्रम के अनुसार, घटना के समय दंपती सो रहे थे. इसी दौरान चार हमलावर पहुंचे और दोनों के गले तथा छाती पर धारदार हथियार से वार कर दिया। शोर सुनकर उनके चारों बच्चों की नींद खुली और उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई. इसके बाद पड़ोसी और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी हमलावर फरार हो चुके थे.
घटना की सूचना मिलने पर मधुबन थाना प्रभारी रात में ही घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की। फिलहाल हमलावरों की पहचान और हमले के कारणों का पता नहीं चल सका है.पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.