Brief By Newsbrief / 4:15 PM on 02 Jun 2026
रांची: राजधानी रांची के समाहरणालय परिसर में मंगलवार को उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब एसडीओ कार्यालय के एक कर्मचारी और कुछ अधिवक्ताओं के बीच विवाद मारपीट तक पहुंच गया. घटना बी-ब्लॉक स्थित कमरा संख्या-211 की बताई जा रही है, जहां एसडीओ कार्यालय में कार्यरत महेंद्र कुमार दास के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई.
जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित एक आवेदन को लेकर एक महिला अधिवक्ता और कार्यालय कर्मी के बीच विवाद हुआ था. बताया गया कि आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज संलग्न नहीं होने के कारण उसे स्वीकार नहीं किया गया. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और कहासुनी हुई थी.
कर्मचारियों का आरोप है कि अगले दिन कुछ अधिवक्ता कार्यालय पहुंचे और विवाद बढ़ने पर महेंद्र कुमार दास के साथ मारपीट की. घटना के दौरान कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. अन्य कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया.
मामले को और गंभीर बनाते हुए कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान कार्यालय में मौजूद महिला कर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया. इससे महिला कर्मचारियों में नाराजगी और असुरक्षा की भावना देखी जा रही है.
घटना के विरोध में समाहरणालय कर्मचारियों ने एकजुट होकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. कर्मचारियों का कहना है कि सरकारी कार्यालयों में इस तरह की घटनाएं प्रशासनिक व्यवस्था और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती हैं. फिलहाल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है, जबकि पूरे समाहरणालय परिसर में दिनभर तनाव और चर्चा का माहौल बना रहा.