Back

ACC प्लांट बंदी से बढ़ा आर्थिक संकट, हजारों परिवारों की आजीविका पर खतरा

Brief By Newsbrief / 12:05 PM on 01 Jun 2026


चाईबासा के झींकपानी स्थित ACC सीमेंट प्लांट की अस्थायी बंदी ने पूरे इलाके की अर्थव्यवस्था को झकझोर कर रख दिया है. अडाणी समूह के अधिग्रहण के बाद संचालित इस प्लांट के करीब एक महीने से बंद रहने के कारण हजारों मजदूरों, ठेका कर्मियों और छोटे व्यापारियों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है. बढ़ती चिंता के बीच स्थानीय लोगों ने "ACC बचाओ संघर्ष समिति" का गठन कर फैक्ट्री को जल्द चालू करने की मांग उठाई है.

प्लांट बंद होने का असर आसपास के जोड़ापोखर, ACC कॉलोनी और अन्य क्षेत्रों के बाजारों में साफ दिखाई दे रहा है. किराना दुकानों, होटलों, मेडिकल स्टोर, सैलून, सब्जी और फल विक्रेताओं सहित छोटे कारोबारियों की आमदनी में भारी गिरावट दर्ज की गई है. कई दुकानदारों का कहना है कि ग्राहकों की संख्या लगातार कम हो रही है और कारोबार ठप पड़ने की स्थिति में पहुंच गया है.

हर शनिवार लगने वाला जोड़ापोखर का प्रसिद्ध साप्ताहिक हाट भी इस संकट से प्रभावित हुआ है. स्थानीय लोगों की क्रय शक्ति घटने से खरीदारी में कमी आई है, जिससे व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है.

जोड़ापोखर, कोंदवा, दोकट्टा, राजंका, नीमडीह, कुदाहातु और सिमजंग समेत कई गांवों के लोग सीधे या परोक्ष रूप से इस प्लांट पर निर्भर हैं. मजदूरों का कहना है कि यदि जल्द उत्पादन शुरू नहीं हुआ तो उन्हें रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन करना पड़ सकता है.

कंपनी प्रबंधन ने क्लिंकर डस्ट की आपूर्ति प्रभावित होने को बंदी की वजह बताया है और इसे अस्थायी कदम कहा है. फिलहाल क्षेत्र के लोगों की निगाहें कंपनी और सरकार के अगले फैसले पर टिकी हैं.

Read more on Newsbrief