Brief By Newsbrief / 11:29 AM on 01 Jun 2026
गिरिडीह : जिले के तिसरी थाना क्षेत्र स्थित चंदौरी गांव में पारिवारिक विवाद ने सोमवार को बड़ा रूप ले लिया. चार बच्चों के पिता पिंटू कुमार द्वारा एक अन्य महिला को घर लाने के बाद परिवार और रिश्तेदारों के बीच तनाव बढ़ गया. मामला इतना गरमा गया कि गुस्साए परिजनों ने युवक के नहीं मिलने पर उसकी मां को ही बिजली के खंभे से बांध दिया.
जानकारी के अनुसार, पिंटू कुमार एक महिला को अपने घर लेकर पहुंचा था. इसकी सूचना मिलते ही उसकी पहली पत्नी के मायके पक्ष के लोग और कई महिलाएं गांव पहुंच गईं. परिजनों ने पिंटू की तलाश की, लेकिन उसके नहीं मिलने पर उनका गुस्सा उसकी मां मालती देवी पर फूट पड़ा. मालती देवी स्वास्थ्य विभाग में सहिया के रूप में कार्यरत हैं. आरोप है कि उन्हें गांव की सड़क पर बिजली के खंभे से बांधकर पिंटू को बुलाने की मांग की गई.
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया. सूचना मिलने पर तिसरी थाना प्रभारी शंभू नंद ईश्वर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने हस्तक्षेप कर मालती देवी को मुक्त कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया.
मालती देवी ने अपने साथ मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है, जबकि पहली पत्नी के पक्ष की महिलाओं ने इन आरोपों से इनकार किया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पिंटू कुमार और उसके साथ आई महिला को हिरासत में ले लिया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. फिलहाल पुलिस सभी पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच में जुटी हुई है.