Back

रांची से लापता पुलिसकर्मी की पत्नी व बेटी आरा से बरामद

Brief By Newsbrief / 1:29 PM on 31 May 2026


रांची के धुर्वा इलाके से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई मां-बेटी को पुलिस ने बिहार के आरा जिले से सकुशल बरामद कर लिया है. हालांकि उनकी सुरक्षित बरामदगी के बावजूद मामला अब भी रहस्य बना हुआ है, क्योंकि दोनों के गायब होने के दौरान परिजनों से एक लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है. पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की हर एंगल से जांच कर रही है. झारखंड पुलिस में कार्यरत सुधीर कुमार सिंह की पत्नी सुनीता देवी और उनकी 19 वर्षीय बेटी काजल कुमारी शनिवार को अचानक लापता हो गई थीं. मां-बेटी के एक साथ गायब होने से परिवार में हड़कंप मच गया था. परेशान परिजनों ने सोशल मीडिया के जरिए उनकी तलाश शुरू की और धुर्वा थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस तुरंत सक्रिय हुई. तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने मां-बेटी को बिहार के आरा जिले से सुरक्षित बरामद कर लिया. प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि दोनों का अपहरण नहीं हुआ था. हालांकि वे रांची से आरा क्यों गईं और वहां किसके संपर्क में थीं, इस संबंध में पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है. इस मामले में सबसे बड़ा ट्विस्ट फिरौती की मांग ने पैदा किया. मां-बेटी के लापता रहने के दौरान सुधीर सिंह और उनके बेटे को एक अज्ञात नंबर से लगातार फोन कॉल आ रहे थे. कॉल करने वाला व्यक्ति दोनों की सुरक्षित वापसी के बदले एक लाख रुपये की मांग कर रहा था.  पुलिस ने उस मोबाइल नंबर को ट्रेस करना शुरू कर दिया है. जांच की जा रही है कि फिरौती मांगने वाला व्यक्ति इस पूरे मामले से जुड़ा था या उसने केवल परिवार की परेशानी का फायदा उठाकर पैसे ऐंठने की कोशिश की. फिलहाल मां-बेटी के सुरक्षित मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली है, 

Read more on Newsbrief