Brief By Newsbrief / 6:24 PM on 30 May 2026
पाकुड़ जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ सात चोरी कांडों का सफल उद्भेदन किया है. इस अभियान में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक ऐसा शातिर अपराधी भी शामिल है जिसके खिलाफ पहले से 19 चोरी के मामले दर्ज हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का सामान भी बरामद किया है. पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल (SIT) का गठन किया गया था. तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए टीम ने सात मामलों का खुलासा करने में सफलता हासिल की. सबसे पहले पुलिस ने दिसंबर 2025 में पाकुड़ रेलवे स्टेशन के पास रेलवे क्वार्टर में हुई चोरी का खुलासा किया. इस मामले में अमन अंसारी को गिरफ्तार किया गया, जिसके खिलाफ पहले से 13 चोरी के मामले दर्ज हैं. वहीं हाटपाड़ा स्थित मां नित्य काली मेडिकल हॉल से एसी आउटडोर यूनिट चोरी मामले में रहमान शेख और मोहर्रम शेख को गिरफ्तार किया गया. उनकी निशानदेही पर एसी स्टैंड, औजार, गैस सिलेंडर और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया. इसके अलावा 27 मई को हाटपाड़ा रथ मेला मैदान के पास पांच दुकानों में हुई चोरी का भी पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया. इस मामले में वजीर शेख, हजीबुल शेख और रोनी शेख को गिरफ्तार किया गया. इनके पास से चोरी की गई सात कांसे की थालियां बरामद हुई हैं. वजीर और रोनी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि जिले में चोरी, लूट और अन्य अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है और लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है.