Back

खरकई नदी में मिला किशोर का शव, जमशेदपुर में डूबने से इस साल 13वीं मौत

Brief By Newsbrief / 11:58 AM on 30 May 2026


जमशेदपुर में डूबने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. शनिवार को बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बड़ौदा घाट के पास खरकई नदी में एक 16 वर्षीय किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है, हालांकि पुलिस को आशंका है कि वह आसपास के इलाके का रहने वाला हो सकता है.

जानकारी के अनुसार नदी में नहाने गए लोगों ने किशोर को पानी में देखा और उसे बाहर निकाला. स्थानीय लोगों का दावा है कि नदी किनारे लाने तक उसकी सांस चल रही थी. उसे सीपीआर देकर बचाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई. युवक ब्लैक रंग की हाफ पैंट और टी-शर्ट पहने हुए था. बागबेड़ा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान की कोशिश की जा रही है.

इस घटना के साथ ही वर्ष 2026 में जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में डूबने से मौत का आंकड़ा 13 पहुंच गया है. इनमें सात बच्चे भी शामिल हैं. जनवरी में डोंगा घाट पर 12 वर्षीय अंकुश कालिंदी, फरवरी में छोटा गोविंदपुर में पांच वर्षीय शिवम, अप्रैल में खरकई नदी में दो स्कूली छात्रों रौनक भारद्वाज और गुडविन थॉमस तथा गंजिया बैराज में फहद रहमान की मौत ने पूरे शहर को झकझोर दिया था.

लगातार हो रहे हादसों ने प्रशासन और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है. नदियों, तालाबों, बैराज और खुले कुओं में सुरक्षा उपायों की कमी के कारण हर साल कई लोगों की जान जा रही है.

Read more on Newsbrief