Brief By Newsbrief / 3:16 PM on 29 May 2026
झारखंड के कोडरमा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. डोमचांच थाना क्षेत्र के बगड़ो गांव में एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध हालत में उसके कमरे से बरामद किया गया है. मृतका की पहचान 22 वर्षीय काजल खातून के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज दो महीने पहले आयान अंसारी के साथ हुई थी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह काजल के पति ने उसके मायके वालों को फोन कर तुरंत बगड़ो गांव पहुंचने के लिए कहा. उसने बताया कि काजल की तबीयत अचानक खराब हो गई है. बेटी की हालत की खबर सुनते ही परिजन घबराकर ससुराल पहुंचे, लेकिन वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. कमरे के अंदर बेड पर काजल का शव पड़ा हुआ था. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जब परिजनों ने घर के अन्य सदस्यों की तलाश की, तो पता चला कि पति आयान अंसारी समेत ससुराल के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो चुके हैं. इसके बाद गुस्साए परिजनों ने जमकर हंगामा किया और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया. सूचना मिलते ही डोमचांच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ भी घटनास्थल पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया है. एसडीपीओ ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि मामला हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से जुड़ा है. फिलहाल पुलिस फरार पति और ससुराल पक्ष की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. वहीं स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.