Back

आपसी रंजिश में कतरास में चली गोलियां, दो घायल, पुलिस ने शुरू की छापेमारी

Brief By Newsbrief / 3:10 PM on 28 May 2026


धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत छाताबाद इलाके में बुधवार देर रात दो गुटों के बीच आपसी रंजिश को लेकर गोलीबारी की घटना हुई। रात करीब एक बजे कैलूडीह मैदान के समीप हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। गोलीबारी में छाताबाद निवासी नीतीश कुमार यादव समेत दो लोग घायल हो गए। नीतीश यादव की जांघ में गोली लगी है और उनका इलाज निचितपुर स्थित एक निजी क्लीनिक में चल रहा है। दोनों घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, इंस्पेक्टर मो. रुस्तम अंसारी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है।

कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि दो गुटों के बीच आपसी विवाद में फायरिंग हुई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। गुरुवार सुबह ग्रामीण एसपी मोहम्मद याकूब भी घटनास्थल पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

घायल नीतीश यादव के पिता किशोरी यादव ने बताया कि उनका बेटा देर रात मवेशियों की निगरानी के लिए बाहर निकला था, तभी गोलीबारी की चपेट में आ गया।

Read more on Newsbrief