Back

तेलंगाना में कर्ज के दबाव में पति ने पत्नी और दो बच्चों की हत्या कर की आत्महत्या, जांच में जूटी पुलिस

Brief By Newsbrief / 5:13 PM on 27 May 2026


तेलंगाना के वानापर्थी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कथित तौर पर भारी कर्ज और लोन रिकवरी एजेंटों के दबाव से परेशान एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी और दो बच्चों की हत्या कर दी और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है. यह दर्दनाक घटना खिला घनपुर मंडल के सालकलापुर गांव के पास एक आम के बाग में मंगलवार को सामने आई. पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान नरसिम्हुलु के रूप में हुई है, जो देवरकद्रा मंडल के डोकुर गांव का रहने वाला था. वह अपने परिवार के साथ लीज पर लिए गए आम के बाग में रह रहा था. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नरसिम्हुलु ने पहले अपनी पत्नी एलम्मा, 16 वर्षीय बेटे साई निहाल और 12 वर्षीय बेटी साहिथि की हत्या की. इसके बाद उसने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. चारों शव बाग के परिसर में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. इस मामले को और गंभीर बनाता है वह कथित सेल्फी वीडियो, जो घटना से पहले रिकॉर्ड किया गया बताया जा रहा है. इसमें नरसिम्हुलु ने होम लोन और बढ़ते कर्ज को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. उसने कहा कि लोन रिकवरी एजेंट उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे, घर की दीवारों पर नोटिस लिखे गए और परिवार पर भारी दबाव बनाया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और डीएसपी गिरी बाबू खुद मौके पर पहुंचे. जांच में वित्तीय दबाव, मानसिक तनाव और लोन रिकवरी प्रथाओं के पहलुओं को शामिल किया गया है.

Read more on Newsbrief