Brief By Newsbrief / 3:00 PM on 27 May 2026
रांची : NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने जांच को तेज करते हुए बड़ी कार्रवाई की है. जांच एजेंसी ने एक डॉक्टर और कोचिंग संस्थान में फिजिक्स पढ़ाने वाले शिक्षक को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपियों पर पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े होने और अभ्यर्थियों तक प्रश्नपत्र पहुंचाने में भूमिका निभाने का आरोप है.
CBI की इस कार्रवाई के बाद मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है. जांच एजेंसी लगातार देश के अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर रही है और पेपर लीक गिरोह से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी हुई है. सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी कई छात्रों और बिचौलियों के संपर्क में थे तथा परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के एवज में मोटी रकम वसूली जाती थी.
CBI को जांच के दौरान कई डिजिटल साक्ष्य और दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है. एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क का दायरा कितने राज्यों तक फैला हुआ है और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं.
गौरतलब है कि NEET-UG 2026 पेपर लीक मामला सामने आने के बाद देशभर में छात्रों और अभिभावकों के बीच नाराजगी देखी गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने जांच की जिम्मेदारी CBI को सौंपी थी.