Back

दरभंगा के BDO पर EOU का शिकंजा, 6 ठिकानों पर छापेमारी

Brief By Newsbrief / 1:18 PM on 27 May 2026


दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां केवटी प्रखंड में तैनात प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) चंद्रमोहन पासवान के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है. आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में बुधवार को ईओयू की टीमों ने एक साथ छह ठिकानों पर छापेमारी की.

जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर की विशेष निगरानी अदालत से सर्च वारंट मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई. ईओयू की टीम ने केवटी स्थित सरकारी आवास, बहादुरपुर के देकुली गांव में किराये के मकान और मधुबनी जिले के बाबूबरही स्थित पैतृक गांव बैंसी में तलाशी अभियान चलाया. इसके अलावा खजौली रेलवे स्टेशन पर एएसएम के पद पर कार्यरत उनके भाई विश्वमोहन पासवान के घर की भी जांच की जा रही है.

जांच एजेंसियों के अनुसार BDO चंद्रमोहन पासवान पर घोषित आय से करीब 81 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. शुरुआती जांच में लगभग 89 लाख 13 हजार 500 रुपये की अवैध संपत्ति का मामला सामने आया है.

बताया जा रहा है कि केवटी निवासी मोहम्मद इकबाल अंसारी ने इस मामले की शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया कि बीडीओ ने सीतामढ़ी, समस्तीपुर और दरभंगा में पदस्थापना के दौरान भ्रष्टाचार के जरिए बेनामी संपत्तियां बनाई. साथ ही पहचान और सेवा पुस्तिका में हेराफेरी कर संपत्ति छिपाने की भी कोशिश की गई.

Read more on Newsbrief