Back

JAC ने जारी किया मदरसा परीक्षा 2026 का रूटीन, 16 जून से शुरू होंगी परीक्षाएं

Brief By Newsbrief / 11:43 AM on 27 May 2026


झारखंड अधिविद्य परिषद ने मदरसा परीक्षा 2026 को लेकर विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है. परिषद की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार राज्यभर में वस्तानियां से लेकर मौलवी स्तर तक की परीक्षाएं 16 जून 2026 से शुरू होकर 23 जून 2026 तक आयोजित की जाएंगी.

जारी रूटीन के मुताबिक परीक्षाएं प्रतिदिन दो पालियों में होंगी. पहली पाली सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक संचालित होगी. परीक्षा के पहले दिन प्रथम पाली में ‘दिनियात-I’ और दूसरी पाली में ‘दिनियात-II’ की परीक्षा आयोजित की जाएगी. इसके बाद अरबी, फारसी, उर्दू, हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और तारीखे इस्लाम समेत विभिन्न विषयों की परीक्षाएं निर्धारित तिथियों में ली जाएंगी.

मौलवी स्तर के विद्यार्थियों के लिए वाणिज्य, मनोविज्ञान, समाजशास्त्र, राजनीतिशास्त्र और अर्थशास्त्र जैसे वैकल्पिक विषयों की परीक्षाएं भी तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगी. परिषद ने सभी मदरसों को परीक्षा संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं.

परिषद के अनुसार मदरसा प्रधान 8 जून 2026 से आधिकारिक वेबसाइट से विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे. वहीं रोल शीट और अन्य आवश्यक दस्तावेज 10 जून से 12 जून के बीच जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से वितरित किए जाएंगे. मुख्य परीक्षा समाप्त होने के बाद 24 जून से 2 जुलाई 2026 तक प्रायोगिक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी.

Read more on Newsbrief