Brief By Newsbrief / 5:33 PM on 26 May 2026
पलामू समाहरणालय सभागार में मंगलवार को राज्य के वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना एवं विकास तथा संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले की विद्युत व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त करना था, ताकि भीषण गर्मी में आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
बैठक में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार सहित विद्युत और पेयजल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. मंत्री ने कहा कि पलामू राज्य का सबसे अधिक गर्म जिला है, इसलिए यहां निर्बाध बिजली आपूर्ति सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अनावश्यक बिजली कटौती किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
अधिकारियों ने बताया कि जिले में लगभग 250 मेगावाट बिजली की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान में 186 मेगावाट आपूर्ति हो रही है, जिससे 64 मेगावाट की कमी बनी हुई है. मंत्री ने लोड प्रबंधन और ट्रांसमिशन व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए. साथ ही छत्तरपुर क्षेत्र में घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया.
पेयजल व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मंत्री ने खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत में तेजी लाने और पेयजल संकट वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता देने का आदेश दिया. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों जैसे बाजार, चौक, बस पड़ावों पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना अनिवार्य है. बैठक में नई जलापूर्ति योजनाओं, जलमीनारों की स्थिति और ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में सुधार कार्यों पर भी चर्चा की गई.