Brief By Newsbrief / 3:24 PM on 26 May 2026
स्वाद और रौनक का संगम बनी जमशेदपुर की खाऊ गली 250 शब्दों में: जमशेदपुर सिर्फ टाटा स्टील, हरियाली और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए ही नहीं, बल्कि अपने शानदार खानपान के लिए भी काफी मशहूर है. शहर के बिस्टुपुर स्थित खाऊ गली आज खाने के शौकीनों की सबसे पसंदीदा जगहों में शामिल हो चुकी है. हर शाम यहां लोगों की भीड़ उमड़ पड़ती है और पूरा इलाका स्वादिष्ट व्यंजनों की खुशबू से महक उठता है.
बिस्टुपुर को जमशेदपुर का प्रीमियम और सबसे व्यस्त इलाका माना जाता है. दिनभर यहां शॉपिंग, ऑफिस और बिजनेस की हलचल रहती है, लेकिन शाम ढलते ही यह इलाका फूड लवर्स का अड्डा बन जाता है. यहां लोग सिर्फ खाना खाने नहीं, बल्कि दोस्तों और परिवार के साथ समय बिताने भी पहुंचते हैं. खाऊ गली में इंडियन, चाइनीज, साउथ इंडियन और स्ट्रीट फूड के कई स्टॉल मौजूद हैं. कम कीमत में रेस्टोरेंट जैसा स्वाद मिलने की वजह से यहां हर उम्र के लोग पहुंचते हैं. स्टूडेंट्स से लेकर ऑफिस जाने वाले लोग तक यहां के स्वाद का आनंद लेते नजर आते हैं.
अगर आप पहली बार जमशेदपुर आ रहे हैं तो बिस्टुपुर स्थित नटराज होटल के पास उतरकर कैंपियन कॉलेज और महिला कॉलेज की ओर बढ़ने पर खाऊ गली आसानी से मिल जाएगी. यहां का नजारा किसी छोटे फूड फेस्टिवल से कम नहीं लगता, जहां हर तरफ खाने-पीने के शौकीनों की रौनक दिखाई देती है.