Back

गढ़वा में रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल , अंचल कर्मी पर घूस लेने के आरोप

Brief By Newsbrief / 11:13 AM on 26 May 2026


गढ़वा जिले के रमना प्रखंड सह अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है. अंचल कार्यालय में कार्यरत कर्मी दिवाकर सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कथित तौर पर रिश्वत के पैसे लौटाते नजर आ रहा है. आरोप है कि कर्मी जमीन रजिस्ट्री और केवाला से जुड़े मामलों में खुलेआम घूस की मांग करता था.

पीड़ितों का कहना है कि प्रति केवाला 15 हजार रुपये “साहेब” के नाम पर और 5 हजार रुपये अपने लिए लिए जाते थे. कई लोगों ने दावा किया है कि आरोपी कर्मी ने मोबाइल बैंकिंग के जरिए भी पैसे लिए हैं. इतना ही नहीं, कुछ मामलों में जमीन की पंजी-2 में गड़बड़ी कर दूसरे के नाम जमीन चढ़ाने के आरोप भी लगाए गए हैं. पीड़ितों ने इसके सबूत होने का दावा किया है.

मामले को लेकर स्थानीय प्रखंड प्रमुख ने भी मोर्चा खोल दिया है. प्रमुख का कहना है कि कई पीड़ितों ने सीधे खाते में पैसे ट्रांसफर किए जाने की जानकारी दी है और एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें पैसे लौटाते देखा जा रहा है. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की शिकायत उपायुक्त से की जाएगी और दोषी कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी.

यह मामला सामने आने के बाद एक बार फिर प्रखंड और अंचल कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं.

Read more on Newsbrief