Brief By Newsbrief / 3:14 PM on 23 May 2026
गुमला जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है. लामदेन गांव में एक बेटे ने मामूली घरेलू विवाद के दौरान अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि शादी नहीं होने से नाराज युवक ने गुस्से में आकर पिता पर लोहे के सब्बल से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान 50 वर्षीय लखन गोप के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बेटा मझा गोप (25 वर्ष) बताया जा रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, मझा गोप की लंबे समय से शादी नहीं हो पा रही थी. कई बार रिश्ते आने के बावजूद किसी न किसी वजह से बात टूट जाती थी. इसी बात को लेकर वह अक्सर अपने पिता को जिम्मेदार ठहराता था और उनसे नाराज रहता था.जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर शाम पिता-पुत्र घर पर मौजूद थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में मझा गोप घर के अंदर गया और लोहे का सब्बल उठाकर अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में लखन गोप गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. घटना के बाद परिजनों और मृतक के भाई मादन गोप की मदद से घायल को इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पिता की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.