Brief By Newsbrief / 2:17 PM on 23 May 2026
जमशेदपुर. कोल्हान में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. इसी बीच बिजली की अनियमित आपूर्ति लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है.
बिजली विभाग भले ही पर्याप्त बिजली का दावा कर रहा हो लेकिन जमीनी हकीकत अलग है. पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां और पश्चिम सिंहभूम में शहरी क्षेत्रों में प्रतिदिन 3 से 4 घंटे लोड शेडिंग की जा रही है. मानगो, कदमा, सोनारी, जुगसलाई, परसुडीह और बागबेड़ा में बिना सूचना बिजली कट रही है. इससे उमस और गर्मी झेलनी पड़ रही है.
अनियमित कटौती से पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो रही है. ग्रामीण क्षेत्रों में रातभर बिजली गुल रहने की शिकायतें हैं. गर्मी में लोगों की रातें जागकर कट रही हैं.बिजली संकट का असर औद्योगिक इकाइयों पर भी पड़ा है. आदित्यपुर में 80 से अधिक इकाइयां प्रभावित हैं. जमशेदपुर में भी उत्पादन घटा है. बार बार कटौती से मशीनें नहीं चल पा रही हैं.
कोल्हान में बिजली की मांग 700 मेगावाट तक पहुंच गई है. मई में यह 500 से 600 मेगावाट थी. 100 मेगावाट अतिरिक्त लोड से कई सब स्टेशन और फीडर ओवरलोड हैं. तकनीकी खराबी और ट्रिपिंग बढ़ गई है.पूर्व सीएम रघुवर दास ने सीएम हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर चरमराई विद्युत व्यवस्था पर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की जनता घंटों कटौती से परेशान है.