Brief By Newsbrief / 6:07 PM on 22 May 2026
साहिबगंज. जिले के तालझारी थाना परिसर में आगामी बकरीद पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता सीओ सह बीडीओ राम सुमन प्रसाद ने की.बैठक में सीओ सह बीडीओ ने लोगों से आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में बकरीद मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान गड़बड़ी फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
राजमहल के इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने कहा कि पर्व खुशी और आपसी सद्भाव का प्रतीक है. इसलिए सभी लोग शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं तथा किसी भी समुदाय की भावनाओं को ठेस न पहुंचे इसका विशेष ध्यान रखें.
थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय ने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर प्रशासन की लगातार नजर है. किसी भी तरह के भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना क्षेत्र के करणपुरा, महाराजपुर, डाकबंगला, धनबाद पुराना भट्टा, मोतीझरना, विशनपुर एवं सकरीगली समेत विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस बल एवं दंडाधिकारी की तैनाती की जाएगी.
साथ ही बकरीद के दूसरे दिन मोतीझरना मंदिर में आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था करने की बात कही गई. मौके पर पंचायत समिति सदस्य मो. जाफर, मुखिया दुर्गा किस्कू, मोहन मरांडी, निखिल यादव, छट्ठू प्रसाद, मो. जाहागिर, मो. सत्तार, प्रकाश प्रजापति सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.