Brief By Newsbrief / 12:59 PM on 22 May 2026
झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर के तत्कालीन बीडीओ संजय कुमार सिन्हा के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है. वर्तमान में सिमडेगा में कार्यपालक दंडाधिकारी के पद पर तैनात अधिकारी को विभाग ने अंतिम चेतावनी जारी की है. उन पर महिला कर्मी के साथ दुर्व्यवहार, गाली-गलौज और सरकारी पद के दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोप लगे हैं. आरोप है कि अधिकारी ने महिला कर्मी पर अपने घर आने का दबाव बनाया और सार्वजनिक रूप से अपमानित भी किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने 18 जून से विभागीय जांच शुरू कर दी थी. जांच प्रक्रिया के दौरान विभाग की ओर से आरोपी अधिकारी को लगातार नोटिस भेजे गए, लेकिन अब तक वह एक बार भी जांच में शामिल नहीं हुए. जांच पदाधिकारी के अनुसार अब तक कुल 11 नोटिस जारी किए जा चुके हैं. सभी नोटिस में अधिकारी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने को कहा गया था. लगातार अनुपस्थित रहने के बाद अब सरकार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अंतिम मौका दिया है. विभाग ने स्पष्ट कहा है कि नोटिस प्रकाशित होने के सात दिनों के भीतर अधिकारी को रांची स्थित जांच अधिकारी के कार्यालय में उपस्थित होकर जवाब देना होगा. यदि तय समय सीमा में वे उपस्थित नहीं होते हैं, तो यह मान लिया जाएगा कि उन्हें अपने बचाव में कुछ नहीं कहना है. ऐसी स्थिति में विभाग एकतरफा कार्रवाई करते हुए आगे का निर्णय लेगा. सरकार के इस सख्त रुख के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है. माना जा रहा है कि यदि अधिकारी ने जल्द जवाब नहीं दिया, तो उनके खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई तय मानी जा रही है.