Brief By Newsbrief / 12:45 PM on 22 May 2026
झारखंड की औद्योगिक लौहनगरी जमशेदपुर में घूमने की कई जगहें हैं. लेकिन बीते कुछ वर्षों में लोगों के दिलों में खास जगह बनाई है तो वह है मरीन ड्राइव. दिन हो या रात, यहां हमेशा भीड़ देखने को मिलती है. शहर की भागदौड़ और तनाव भरी जिंदगी से राहत पाने के लिए यह जगह अब लोगों की पहली पसंद बन चुकी है.
मरीन ड्राइव की सबसे बड़ी खासियत इसकी प्राकृतिक सुंदरता है. स्वर्णरेखा नदी के किनारे बनी यह चौड़ी सड़क साफ-सफाई और शांत वातावरण के लिए जानी जाती है. सुबह के समय यहां लोग वॉक, जॉगिंग और साइकलिंग करते नजर आते हैं. शाम ढलते ही यह इलाका रंगीन रोशनी और ठंडी हवाओं से और भी आकर्षक हो जाता है.
परिवार, युवा और बुजुर्ग हर उम्र के लोग यहां समय बिताने पहुंचते हैं. एक तरफ बहती नदी और दूसरी तरफ हरियाली लोगों को सुकून का एहसास कराती है. रात में यहां का नजारा किसी बड़े मेट्रो शहर की याद दिलाता है. सड़क किनारे खड़े होकर लोग सेल्फी लेते हैं. दोस्त घंटों बातचीत करते हैं और कई लोग सिर्फ शांत माहौल का आनंद लेने आते हैं.
इसके अलावा स्ट्रीट फूड और छोटे-छोटे खाने-पीने के स्टॉल भी लोगों को खूब आकर्षित करते हैं. चाट, मोमोज, आइसक्रीम और चाय की दुकानों पर देर रात तक भीड़ लगी रहती है. त्योहारों और छुट्टियों में यहां का माहौल और भी जीवंत हो जाता है. यही वजह है कि मरीन ड्राइव अब सिर्फ एक सड़क नहीं बल्कि जमशेदपुर के लोगों की लाइफस्टाइल का अहम हिस्सा बन चुका है.