Brief By Newsbrief / 4:58 PM on 21 May 2026
माननीय झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देश एवं राज्य सरकार के आदेश के आलोक में सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने राजनगर प्रखंड स्थित रूंगटा माइन्स प्राइवेट लिमिटेड के चालियामा स्टील प्लांट, दुर्घटना संभावित स्थलों, ब्लैक स्पॉट और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भारी वाहनों की पार्किंग व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में सार्वजनिक सड़कों पर भारी वाहनों की पार्किंग नहीं होनी चाहिए। संस्थान प्रबंधन को सड़क सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने, एंबुलेंस और फायर वाहन को हर समय एक्टिव मोड में रखने तथा निर्धारित गति सीमा प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट, हाई मास्ट लाइट, चेतावनी संकेतक और बड़े साइन बोर्ड लगाने का भी निर्देश दिया। साथ ही यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दो स्थानों पर चेक पोस्ट स्थापित करने को कहा गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-220 पर रंबल स्ट्रिप, ज़ेबरा क्रॉसिंग और चेतावनी संकेत लगाने के निर्देश भी दिए गए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चालियामा के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने दवा उपलब्धता, उपचार व्यवस्था, स्वच्छता और आपातकालीन सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया.