Brief By Newsbrief / 4:55 PM on 21 May 2026
पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र स्थित पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल कार्यालय में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हाबीब शेख उर्फ हिबल शेख उर्फ सरुज शेख, निवासी नया बल्लभपुर, नगर थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार 20 मई को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग कार्यालय में चोरी की घटना हुई थी, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया लगभग 50 फीट कॉपर केबल बरामद किया है। साथ ही चोरी की घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी जब्त किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई मामलों में संलिप्त रह चुका है।
नगर थाना पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों पर सख्त नजर रखी जा रही है.