Back

गुमला के सीएम एक्सीलेंस स्कूल से दो छात्र गायब, जांच में जूटी पुलिस

Brief By Newsbrief / 10:48 AM on 21 May 2026


झारखंड के गुमला जिले स्थित सीएम एक्सीलेंस एसएस प्लस टू स्कूल से आठवीं कक्षा के दो छात्रों के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. इस घटना ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर क्लास अटेंड करने के बाद दोनों छात्र स्कूल परिसर से बाहर कैसे निकल गए और किसी को इसकी जानकारी तक नहीं हुई. लापता छात्रों की पहचान संत कबीर उरांव और निखिल उरांव के रूप में हुई है. दोनों छात्र आपस में करीबी दोस्त बताए जा रहे हैं. परिजनों के अनुसार, 15 मई की सुबह दोनों बच्चे रोज की तरह स्कूल के लिए घर से निकले थे. जानकारी के मुताबिक, स्कूल पहुंचने के बाद दोनों ने दो विषयों की क्लास भी अटेंड की, लेकिन उसके बाद अचानक गायब हो गए. जांच में जो बातें सामने आई हैं, उसने सभी को हैरान कर दिया है. बताया जा रहा है कि दोनों छात्रों ने पहले से पूरी प्लानिंग कर रखी थी. एक छात्र घर से सिविल ड्रेस लेकर आया था. बाद में दोनों ने स्कूल यूनिफॉर्म बदलकर हॉस्टल में छोड़ दी और सिविल कपड़े पहनकर आराम से स्कूल से बाहर निकल गए. चौंकाने वाली बात यह है कि स्कूल प्रबंधन को इसकी भनक तक नहीं लगी. घटना के बाद मामला तीन दिनों तक दबा रहा. 16 मई को छुट्टी और 17 मई को रविवार होने के कारण किसी ने ध्यान नहीं दिया. 18 मई को जब परिजन बच्चों की तलाश में स्कूल पहुंचे, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ. परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्राचार्य ने पहले थाना जाने से रोका और खुद खोजबीन करने की बात कही, जिससे शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोनों छात्रों की तलाश जारी है. बच्चों के गायब होने से परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे इलाके में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.

Read more on Newsbrief