Brief By Newsbrief / 10:25 AM on 21 May 2026
झारखंड के लातेहार जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है. मनिका थाना क्षेत्र के शिंजो पंचायत में एक बेटे ने मामूली डांट से नाराज होकर अपने ही पिता की कुदाल से हमला कर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में दहशत और मातम का माहौल है.
मृतक की पहचान राजकुमार Singh के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार किसी घरेलू बात को लेकर उन्होंने अपने बेटे चंदन सिंह को डांट दिया था. पिता की डांट से नाराज चंदन ने आपा खो दिया और घर में रखी कुदाल उठाकर उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से राजकुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना देर रात की होने के कारण आसपास के लोगों को इसकी जानकारी सुबह मिली. जैसे ही ग्रामीणों और परिजनों को घटना का पता चला, पूरे गांव में हड़कंप मच गया. मृतक के घर में चीख-पुकार मच गई.
सूचना मिलने पर मनिका थाना प्रभारी प्रभात दास पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
परिजनों का कहना है कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार था और हाल ही में उसका इलाज रांची में कराया गया था. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.